
हल्द्वानी। भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने गन्ना किसानों के लिए समर्थन मूल्य बढ़ाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में एक बड़ा कदम है, जिससे प्रदेश के हजारों गन्ना उत्पादक लाभान्वित होंगे।

नेगी ने बताया कि किसान मोर्चा लगातार किसानों के बीच जाकर समस्याएं एकत्र कर रहा है, और उन मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने प्रभावी रूप से रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की बात सुन रही है और उसी दिशा में त्वरित निर्णय लेकर राहत दे रही है, जो धामी सरकार की किसान हितैषी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही किसान मोर्चा का जिला और मंडल स्तर पर पुनर्गठन किया जाएगा, जिसमें प्राथमिकता खेती-किसानी से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं को दी जाएगी।


