नौकरी रैकेट का भंडाफोड़: स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखण्ड ने फर्जी आधार-पैन बनाने वाला जन सेवा केन्द्र किया सील

Spread the love

सिडकुल: मा० मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखण्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से संचालित एक जन सेवा केन्द्र का भंडाफोड़ किया है। सत्यापन अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन और एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में राज्यभर में अवैध रूप से रह रहे बाहरी व्यक्तियों, घुसपैठियों तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने थाना ट्रांजिट कैम्प पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में संचालित गंगवार जन सेवा केन्द्र पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान कम्प्यूटर पर फर्जी मार्कशीट तैयार करते हुए चेतन कुमार पुत्र राजपाल निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पिछले एक वर्ष से बिना पंजीकरण के जन सेवा केन्द्र संचालित कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में नौकरी पाने के लिए बाहरी राज्यों के लोग स्थानीय पहचान पत्र बनवाने आते थे और वह एक सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन के माध्यम से फोटो लेकर नाम-पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार कर मुंहमांगे दामों पर उपलब्ध कराता था। पुलिस को मौके से 42 आधार कार्ड, 55 पैन कार्ड, 9 मार्कशीट, एक मॉनिटर, प्रिंटर, सीपीयू और बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।

जांच में पाया गया कि बरामद अधिकांश आधार कार्डों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पते अंकित थे, जिन्हें कूटरचित कर उत्तराखंड का दर्शाने की तैयारी थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अब तक लगभग 400 से 500 लोगों के फर्जी दस्तावेज बना चुका है, जिनका उपयोग सिडकुल में नौकरी पाने के लिए किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फर्जी तरीके से संचालित जन सेवा केन्द्र को सील कर दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि राज्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *