स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं! बनभूलपुरा में अवैध सॉफ्ट ड्रिंक फैक्ट्री पर छापा

Spread the love

हल्द्वानी: बनभूलपुरा क्षेत्र के मलिक का बगिचा के निकट अवैध रूप से संचालित एक सॉफ्ट ड्रिंक निर्माण इकाई पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) हल्द्वानी राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण कर इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

बताया गया था कि क्षेत्र में बिना किसी वैध लाइसेंस के सॉफ्ट ड्रिंक निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण में पाया गया कि इकाई के पास FSSAI लाइसेंस, निर्माण अनुमति या अन्य कोई वैधानिक अभिलेख नहीं थे। साथ ही, निर्माण प्रक्रिया में औद्योगिक CO₂ गैस का उपयोग किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय है।

घरेलू जल और बिजली कनेक्शन का प्रयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है। इकाई में किसी भी प्रकार का लेखा-जोखा, सामग्री सूची या बिक्री रजिस्टर मौजूद नहीं था।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारीअभय कुमार सिंह द्वारा मौके पर मौजूद उत्पादों के नमूने एकत्रित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम राहुल शाह ने स्पष्ट किया कि “सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्त निगरानी जारी रहेगी।”

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा औद्योगिक गतिविधियों के लिए बिना अनुमति के घरेलू संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इस कार्रवाई में शामिल अधिकारियों में सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, लेखपाल अरुण देवरानी सहित खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर निगम की टीम शामिल रही।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *