हल्द्वानी: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज बिष्ट ने बुधवार को नगर निगम हाल में सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और इसके लिए शहर का हर व्यक्ति उनका सम्मान करता है।
महापौर ने बैठक के दौरान घोषणा की कि अब हर पार्षद के कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाएगी, जिसमें सफाई कर्मचारियों की हाजिरी दर्ज की जाएगी। इस व्यवस्था से सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होगी और नागरिकों की ओर से आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव होगा।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों से शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने का आग्रह किया और कहा कि नगर निगम उनकी हर समस्या का समाधान करने के लिए तत्पर है। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि उनके अधिकारों और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
