हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में सेना की वर्दी पहनकर खुद को “मेजर” बताने वाले एक संदिग्ध युवक का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब 18 अप्रैल 2026 को मेजर अजय पाठक ने वॉकवे मॉल के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में सेना की वर्दी में घूमते देखा। युवक खुद को “मेजर अमन” बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
मेजर अजय पाठक को युवक की गतिविधियां और वर्दी पहनने का तरीका संदिग्ध लगा, जिस पर उन्होंने तत्काल मौके पर मौजूद पुलिस टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की, लेकिन वह अपने बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर थाना काठगोदाम लाया। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में आगे की कार्रवाई की गई।
वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा द्वारा आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 54/26 धारा 168 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन उर्फ अमन रोमसन (24 वर्ष) निवासी खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर बताया। वर्तमान में वह काठगोदाम क्षेत्र स्थित एक समाज सेवा केंद्र में कार्यरत है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को सेना के प्रति गहरा आकर्षण था और वह सेना में भर्ती होना चाहता था, लेकिन असफल रहने पर उसने वर्दी पहनकर खुद को मेजर बताना शुरू कर दिया। फिलहाल मामले में आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट और सीएमपी द्वारा भी पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
