सर्दी की दस्तक से पहले एक्शन में DM! सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे ललित मोहन रयाल, अव्यवस्थाओं पर सख्ती और सफाई की निगरानी के आदेश

हल्द्वानी। सर्दियों के मौसम में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया।

डीएम ने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्दियों के मौसम में अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहनी चाहिए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को अस्पताल की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर समय रहते सुधार किया जा सके।