हल्द्वानी: हल्द्वानी नगर निगम में चल रहे विकास कार्यों को लेकर मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कई अहम जानकारियां साझा कीं। मेयर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कार्यरत सभी वैंडर संचालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए हैं, ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके। उन्होंने वैंडर संचालकों से अपील की कि वे अपने संस्थानों में इन प्रशस्ति पत्रों को प्रदर्शित कर कार्य करें, जिससे उनकी पहचान और गरिमा बनी रहे।
प्रेस वार्ता में मेयर ने दमुवाढूंगा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि वहां हाउस टैक्स लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए निगम प्रशासन आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर चुका है। मेयर ने जानकारी दी कि नगर निगम क्षेत्र में एडीबी, जल संस्थान और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जो भी निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहे हैं, उनमें तेजी लाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं ताकि जनता को जल्द से जल्द सुविधाएं मिल सकें।
स्वच्छता अभियान को लेकर भी उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल से 15 मई तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसे आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ और नियमित बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही मेयर ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 6 जून को कालूसाईं बाबा मंदिर को नए स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंदिर का विधिवत उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिया जाएगा।
मेयर गजराज बिष्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के सहयोग से नगर निगम को छह फिल्टर वॉटर टैंक प्राप्त हुए हैं, जिससे नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। प्रेस वार्ता के माध्यम से मेयर ने स्पष्ट कर दिया कि नगर निगम क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।