हल्द्वानी पेयजल-सीवरेज परियोजना में बड़ा प्रशासनिक फैसला, नई खुदाई पर रोक; सड़क पुनर्निर्माण को प्राथमिकता

Spread the love

हल्द्वानी। एडीबी वित्तपोषित हल्द्वानी पेयजल एवं सीवरेज परियोजना में चल रहे कार्यों को लेकर बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (UUSDA) के अपर कार्यक्रम निदेशक द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद परियोजना की कार्यप्रणाली में आंशिक बदलाव करते हुए फिलहाल नई पाइपलाइन खुदाई के कार्यों को स्थगित कर सड़क पुनर्निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की गई और कार्यदायी संस्थाओं को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रशासन के अनुसार परियोजना के तहत अब तक 152 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85 किलोमीटर सब-सर्फेसिंग हो चुकी डामर सड़कों पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

मुखानी रोड पर सीवर लाइन के लिए बनाए गए ट्रेंचलेस पिट के पास सड़क चौड़ाई बढ़ाने के उद्देश्य से फुटपाथ और नहर के हिस्से का उपयोग कर अस्थायी निर्माण किया गया है। यातायात को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

गहरी खुदाई वाले स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। साथ ही कार्यस्थलों से पूर्व निर्धारित दूरी पर गति नियंत्रण हेतु अतिरिक्त सूचना पट्ट, चेतावनी बोर्ड और रात्रि रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

वहीं पंचक्की रोड पर ट्रेंचलेस पिट का कार्य होली से पूर्व पूर्ण कर बंद करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जनसुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परियोजना कार्यों को चरणबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *