
हल्द्वानी। शहर में रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त अशिमा गोयल ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राजपुरा के निकट धोबी घाट स्थित महिला रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही क्रियाशाला रोड पर सड़क तक फैले अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी कराई।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि राजपुरा स्थित महिला रैन बसेरे में वर्तमान में 16 बेड संचालित हैं और यहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं से अपील की कि यदि किसी महिला को रात में ठहरने के लिए सुरक्षित स्थान की आवश्यकता है तो वह रैन बसेरे में आकर निःशुल्क रूप से रुक सकती है।
इसके बाद नगर आयुक्त ने क्रियाशाला रोड का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति देखी। उन्होंने बताया कि यहां कई फल एवं सब्जी विक्रेताओं ने सड़क के काफी हिस्से पर कब्जा कर रखा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। नगर निगम की टीम ने सड़क से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी योजना तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद अगले ही दिन दोबारा कब्जा हो जाना नगर निगम के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे में निगम का प्रयास केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऐसी दीर्घकालिक व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे दोबारा अतिक्रमण न हो और शहर की सड़कों पर आवागमन सुचारु बना रहे।
नगर आयुक्त, हल्द्वानी

