
हल्द्वानी। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेले में स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने परिवार सहित मेले में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों से कुल 37,325 रुपये की खरीदारी की। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प सामग्री में विशेष रुचि दिखाई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि होगी और महिलाएं आर्थिक रूप से अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में सरस मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और महिला समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
सरस मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। यहां ड्राई फ्रूट, काष्ठ शिल्प उत्पादों के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद झंगोरा, मांडुवा, लाल चावल, विभिन्न प्रकार की बड़ियां, पहाड़ी नमक, बद्री गाय का देसी घी, हस्तनिर्मित कपड़े और शॉल सहित कई उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके अलावा बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूलों की भी व्यवस्था की गई है।
वहीं, मेले में आयोजित ऐपण कला प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में परी ने प्रथम, गुड़िया ने द्वितीय और सना परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि सीनियर वर्ग में डोली ने प्रथम, वारिसा ने द्वितीय और रवीना ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मंच से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पारंपरिक ऐपण कला के संरक्षण और संवर्धन के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। मेले के माध्यम से जहां स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है, वहीं उत्तराखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति को भी नई पहचान मिल रही है।
