
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर में चर्चित बताए जा रहे ITI गैंग के चार सदस्यों को महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, देर रात नाबालिग बच्ची के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने बच्ची को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों युवक शहर में चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। इनमें धीरज बिष्ट पूर्व में एमबीपीजी कॉलेज में ABVP की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी रह चुका है।
पूरे मामले में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं पुलिस कार्रवाई की निगरानी करते रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चों और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस तरह के अपराधों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

