हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में एलाइड एंड हेल्थकेयर पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के वार्षिकोत्सव ‘सृजन-2026’ का गुरुवार को उत्साह और उमंग के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई।
वार्षिकोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश की समृद्ध और विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पंजाब के ऊर्जावान भांगड़ा, उत्तराखंड के पारंपरिक जागर, मुनस्यारी के लोकनृत्य, गुजराती गरबा, राजस्थानी लोकनृत्य, हरियाणवी और नेपाली नृत्य के साथ दक्षिण भारतीय नृत्य प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
इसके अलावा बॉलीवुड नृत्य, हिप-हॉप, युगल नृत्य और मधुर गायन की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. डॉ. अजय आर्या ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान और शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
एलाइड एंड हेल्थकेयर पाठ्यक्रम की समन्वयक डॉ. सुचिता पंत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में डॉ. रिचा निरंजन, डॉ. प्रभात पंत, डॉ. बसंत जोशी सहित कॉलेज के कई संकाय सदस्य और टेक्नीशियन मौजूद रहे। वार्षिकोत्सव के शुभारंभ ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न संस्कृतियों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

