हल्द्वानी, उत्तराखंड। उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के लोगों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की कथित टिप्पणी पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा पलटवार किया है। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना प्रदेश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदान का अपमान है। उन्होंने दो टूक कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है।
हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद हुआ है। राज्य आंदोलन के दौरान खटीमा, मसूरी और मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में हुई पुलिस कार्रवाई और गोलीकांड को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता उन घटनाओं को आज भी नहीं भूली है।
सीएम धामी ने अपने बयान में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों ने भारी संघर्ष और बलिदान दिया है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया कहने वाली टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस से भी पूछा सवाल
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस को भी घेरते हुए सवाल किया कि क्या पार्टी अखिलेश यादव के बयान से सहमत है? उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में हैं, इसलिए कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी साधा निशाना
सीएम धामी ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस को आगे नहीं आने देगी। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड की जनता के लिए आखिर क्या किया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड और देश को शर्मसार करने का काम किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। अब इस मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।
