

हल्द्वानी। भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर 2026 को उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के अभियन्ताओं द्वारा पीआईयू हल्द्वानी कार्यालय के सभागार में अभियन्ता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रबन्धक श्री कुलदीप सिंह एवं श्री गुरप्रीत देओल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अभियन्ताओं ने भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में अभियन्ताओं ने सर एम. विश्वेश्वरैया के जीवन, उनके व्यक्तित्व एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि सर एम. विश्वेश्वरैया का जीवन अभियन्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके कार्यों, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेते हुए सभी अभियन्ताओं ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में परियोजना प्रबन्धक श्री कुलदीप सिंह एवं श्री गुरप्रीत देओल के साथ समस्त सहायक अभियन्ता, कनिष्ठ अभियन्ता, अन्य अभियन्ता एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
