
हल्द्वानी/किच्छा। नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुमाऊं एसओटीएफ और ऊधमसिंहनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को 122.14 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल से स्मैक की खेप लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “नशामुक्त उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 सितंबर 2026 को एसओटीएफ कुमाऊं की टीम को मुखबिर से मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर एसओटीएफ टीम ने कोतवाली किच्छा पुलिस के साथ सैजना रोड के पास सोलर फैक्टरी, चौकी दरऊ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 122.14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान गुरचरन सिंह पुत्र मक्खन सिंह, निवासी धानी करा सिंह अभोर, थाना अभोर, जिला फाजिल्का, पंजाब, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद स्मैक और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली किच्छा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे की खेप के स्रोत और इसके आगे सप्लाई किए जाने वाले नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊं रेंज प्रभारी मय टीम, उपनिरीक्षक पवन जोशी और कांस्टेबल उमेद गिरी शामिल रहे। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों और एसओटीएफ को मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
