हल्द्वानी RTO कार्यालय में गोलीकांड से हड़कंप! प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह पर गोली चलाने का आरोप

हल्द्वानी। मंगलवार शाम हल्द्वानी स्थित आरटीओ कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय परिसर के अंदर अचानक गोली चलने की घटना सामने आई। गोली कार्यालय में रखी एक अलमारी में जा लगी। गनीमत रही कि घटना में कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुखानी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने जुटाए। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के अनुसार, आरटीओ कार्यालय से फायरिंग की सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस की टीम प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान महेंद्र सिंह, आरटीओ कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत कर्मचारी के रूप में बताई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

एएसपी/सीओ अमित सैनी ने बताया कि हथियार की वैधता और घटना की परिस्थितियों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, आरटीओ प्रशासन की ओर से बताया गया कि शाम करीब चार बजे कार्यालय के एक विभाग में गोली चलने की सूचना मिली थी। संबंधित कार्मिक को लेकर पत्र जारी किया जा रहा है और पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और फायरिंग के पीछे के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है।

आर0टी0ओ0 गुरदेव सिंह
एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी