फर्जी ऑडियो-वीडियो प्रकरण में पूर्व विधायक गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज फर्जी ऑडियो-वीडियो प्रकरण में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में कारागार भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को कोतवाली डालनवाला में दुष्यंत कुमार गौतम द्वारा एक लिखित तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर एवं एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलकर सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए झूठे और मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो तैयार किए तथा उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उनकी, उनकी पार्टी और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। शिकायत में शांति व्यवस्था भंग करने तथा समाज में उपद्रव और तनाव फैलाने की मंशा का भी आरोप लगाया गया था।

तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने गहन विवेचना के निर्देश दिए। जांच के दौरान एकत्रित साक्ष्यों, बयानों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाईं।

पुलिस टीम ने 14 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से सुरेश राठौर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *