हल्द्वानी: हल्द्वानी को नई उपजिलाधिकारी के रूप में मोनिका मिली हैं, जिन्होंने पदभार ग्रहण करते ही शहर की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी मानसून को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए पहले से ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।
नई एसडीएम ने कहा कि बरसात के दौरान कई क्षेत्रों में नालों का पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि मानसून सीजन के दौरान आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही शहर में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्व की तरह जारी रहेगी।
प्रशासन का उद्देश्य हल्द्वानी को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम शहर बनाना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तेजी से कार्य किए जाएंगे।
