लालकुआं। क्षेत्र स्थित निजी कंपनी मदरसन में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच चल रहा विवाद अब सुलझ गया है, जिसके बाद कंपनी में कामकाज दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गया है। 20 अप्रैल से उत्पन्न इस विवाद को लेकर श्रमिकों और प्रबंधन के बीच लगातार वार्ता का दौर चला, जिसमें श्रम विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।
21 अप्रैल को आयोजित दूसरी बैठक में दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई और अंततः सहमति बन गई। समझौते के बाद श्रमिक वापस अपने काम पर लौट आए हैं और कंपनी में उत्पादन सामान्य हो गया है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मौके पर पुलिस बल की तैनाती की है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और कानून व्यवस्था कायम रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
