देहरादून: देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि चेकिंग के दौरान पौंधा रोड पर एक संदिग्ध थार वाहन को रोककर जांच करने पर पुलिस ने दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार देर रात वाहन को रोककर पूछताछ करने पर दोनों युवक अपने घूमने का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध देसी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समर्थ पुत्र घनश्याम निवासी सहारनपुर और ऋषभ गोस्वामी पुत्र गौतम गोस्वामी निवासी नॉर्थ दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और इस बार भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक थार वाहन भी बरामद किया है। साथ ही दोनों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिधौली उपनिरीक्षक जयेंद्र सिंह राणा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
