
हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित मधुवन बैंकेट हॉल में शुक्रवार को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का 11वां होली मिलन समारोह उल्लास, उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। रंगों के इस खास आयोजन में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और होली गीतों पर जमकर थिरके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश शास्त्री एवं प्रदेश महामंत्री विश्वजीत नेगी उपस्थित रहे। समारोह में सांसद अजय भट्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कांग्रेस नेता ललित जोशी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इसके अलावा एडीएम विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम एवं सीओ सहित प्रशासनिक अधिकारियों की भी सहभागिता रही।
समारोह के दौरान कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वयं होली गीत गाकर माहौल को और अधिक रंगीन बना दिया। उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व प्रेम के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र बिष्ट एवं महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने सभी पत्रकार साथियों को होली की बधाई दी। कार्यक्रम संयोजक विशाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में प्लेबैक सिंगर राखी रवीना, लोक गायिका राधा द्विवेदी और गायक राहुल व्यास ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष पुष्कर अधिकारी, महामंत्री नवीन सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। पूरे आयोजन में सौहार्द, उत्साह और रंगों की छटा देखने को मिली।


