
हरिद्वार जनपद की पिरान कलियर पुलिस को रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आर्मेनिया से कॉल कर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार चल रहा है।

मामला दिनांक 30 अक्टूबर 2025 का है, जब वादी रवि कुमार पुत्र रविंद्र कुमार निवासी ग्राम धनौरी थाना पिरान कलियर को मोबाइल नंबर +971542*** से धमकी भरी कॉल आई थी, जिसमें 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में थाना पिरान कलियर पर मुकदमा अपराध संख्या 284/25 धारा 308(4) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान पिरान कलियर पुलिस और सीआईयू टीम ने कॉल डिटेल्स खंगाली तो पता चला कि धमकी देने वाला मोबाइल नंबर हरियाणा के जिला रोहतक के ग्राम किलोई से संबंधित है।

पूछताछ में सामने आया कि अजय हुड्डा नाम का व्यक्ति, जो आर्मेनिया में नौकरी कर रहा है, ने भारत में बैठे अपने साथी आशीष सैनी निवासी मूलदासपुर माजरा थाना बहादराबाद की मदद से पीड़ित के मोबाइल नंबर हासिल किए थे। इसके बाद अजय हुड्डा ने आर्मेनिया से धमकी भरी कॉल कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष सैनी पुत्र धनीराम सैनी (उम्र 36 वर्ष) निवासी मूलदासपुर माजरा, थाना बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी अजय हुड्डा पुत्र सुरेश निवासी ग्राम किलोई, थाना सदर, जिला रोहतक (हरियाणा) फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस कार्रवाई में थाना पिरान कलियर के थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, व0उ0नि0 बबलू चौहान, उ0नि0 पुष्कर सिंह चौहान, हे0का0 सोनू कुमार तथा सीआईयू टीम से निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, हे0का0 चमन सिंह, हे0का0 मनमोहन भंडारी, का0 महिपाल सिंह एवं का0 राहुल नेगी शामिल रहे।



