देहरादून। 26 अगस्त 2024 को थाना राजपुर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सहस्त्रधारा हेलीपैड के पीछे नागल वाली रोड पर एक कार खड़ी है, जिसमें एक महिला और एक पुरुष अचेत अवस्था में पाए गए हैं। सूचना पर तत्काल थानाध्यक्ष राजपुर और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे और देखा कि सड़क किनारे एक वैगन आर टैक्सी खड़ी थी।
कार में अचेत अवस्था में पाए गए व्यक्ति की पहचान राजेश साहू (उम्र करीब 50 वर्ष) और महिला की पहचान महेश्वरी देवी (उम्र करीब 45 वर्ष) के रूप में की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों कांठ बांग्ला थाना राजपुर क्षेत्र के निवासी हैं। राजेश साहू एक ड्राइवर था और महेश्वरी देवी विधवा थीं।
घटनास्थल के प्रारंभिक निरीक्षण में कोई संदिग्ध स्थिति नहीं पाई गई। गाड़ी का इग्निशन ऑन था और गाड़ी के AC के लगातार चलने की वजह से तापमान और गैस के प्रभाव से संभावित रूप से मौत हुई हो सकती है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, जिसमें कोई संदिग्ध वस्तु या साक्ष्य नहीं पाए गए। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु के कारण की वास्तविक जानकारी प्राप्त की जाएगी।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर विस्तृत जांच की जा रही है।
