
देहरादून। सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल से भरा एक ट्रक सोमवार को मोहब्बेवाला के पास मुख्य हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद देहरादून से सहारनपुर की ओर तथा सहारनपुर से देहरादून की ओर आने वाला यातायात बाधित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों ओर से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। पुलिस द्वारा क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाकर यातायात को जल्द से जल्द सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर यातायात के दबाव को कम करने तथा आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए कुछ समय तक इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।


