सुशीला तिवारी अस्पताल में आधुनिक जांच सेवाओं की सौगात, सरकारी दरों पर अल्ट्रासाउंड से एक्स-रे तक सुविधा

Spread the love

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी चिकित्सालय में मरीजों को अब और बेहतर व किफायती जांच सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में आईएस हेल्थ केयर सर्विस द्वारा पीपीपी मोड पर अत्याधुनिक जांच सेवाओं की शुरुआत की गई है। खास बात यह है कि अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, ईईजी, एक्स-रे सहित सभी जांचें सुशीला तिवारी अस्पताल की निर्धारित सरकारी दरों पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आम मरीजों को निजी खर्च के भारी बोझ से राहत मिलेगी।

आईएस हेल्थ केयर सर्विस के मैनेजिंग डायरेक्टर दलबीर जगलान ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को अस्पताल परिसर में अल्ट्रासाउंड कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस यूनिट में कलर डॉप्लर लेवल-2 तक की अत्याधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं, हृदय रोग, रक्त प्रवाह की समस्याओं और अन्य गंभीर बीमारियों की सटीक पहचान संभव हो सकेगी।

स्थानीय इन्चार्ज राम किशन शर्मा ने बताया कि सभी जांच सेवाएं प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएंगी। नई सुविधा के शुरू होने से सुशीला तिवारी चिकित्सालय में इलाज कराने वाले हजारों मरीजों को समय पर, सटीक और किफायती जांच का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सरकारी अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को भी मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को आमजन के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *