बुजुर्ग महिला से लूट का खुलासा: पूर्व ड्राइवर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों की ज्वैलरी व नकदी बरामद

Spread the love

देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वैलरी, नगदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है।

दिनांक 18 जनवरी 2026 की तड़के प्रातः कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना राजपुर को सूचना मिली कि राजपुर रोड स्थित सांकिया हॉस्पिटल के समीप श्री भुवन गांधी के आवास पर अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी बुजुर्ग माता को डरा-धमकाकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर पीड़िता से जानकारी प्राप्त की।

पीड़ित बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह अपने पुत्र के साथ रहती हैं, लेकिन उनका पुत्र 16 जनवरी को परिवार को छोड़ने दिल्ली गया हुआ था। इसी दौरान 17 जनवरी की रात दो अज्ञात व्यक्ति उनके कमरे में घुस आए और डरा-धमकाकर अलमारी में रखी ज्वैलरी व नगदी लूट ली तथा उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। इस संबंध में श्री भुवन गांधी की तहरीर पर थाना राजपुर में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 21 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर किरसाली चौक से मालदेवता रोड के बीच योगराज फार्म बैंड के पास चेकिंग के दौरान तीन अभियुक्तों शफात अली, नदीम उर्फ गुड्डू और इश्तियाक उर्फ कुले को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त शफात अली ने खुलासा किया कि वह पूर्व में वादी के घर पर ड्राइवर का काम करता था और उसे घर की पूरी जानकारी थी। घर में सीसीटीवी कैमरे न होने और बुजुर्ग महिला के अकेले होने की जानकारी मिलने पर उसने अपने साले नदीम और रिश्तेदार इश्तियाक के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। तीनों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और बाद में फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये की ज्वैलरी, एक लाख चौवन हजार रुपये नकद, पीड़िता का आईफोन और घटना में प्रयुक्त वैगन आर कार बरामद की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से न केवल बुजुर्ग महिला को न्याय मिला, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास भी मजबूत हुआ है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *