
हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में नरीमन चौराहे से गौला पुल की ओर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों का सोमवार सायं निरीक्षण किया गया। नगर मजिस्ट्रेट AP बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने नगर निगम हल्द्वानी की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी कराई।

बताया गया कि उक्त मार्ग का चौड़ीकरण कार्य लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। मार्ग चौड़ीकरण में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को शिफ्ट करने के लिए धनराशि उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के नगरीय खंड को पूर्व में ही स्थानांतरित कर दी गई है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को निर्देश दिए गए कि मंगलवार से नए पोलों की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाए और शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी जल्द पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मार्ग के बायीं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य को 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीवर लाइन के लिए बनाए जाने वाले पिट स्थानों का लोक निर्माण विभाग के साथ चिन्हीकरण भी कल तक करने को कहा गया है।
मार्ग चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी निर्मित डॉम हट भी हटाया जाना है, जिसे 20 मार्च तक डिस्मेंटल करने के निर्देश परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को दिए गए हैं। इसके अलावा मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को भी 25 मार्च तक हटाने को कहा गया है।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण के लिए लेवलिंग और ग्रेडिंग का कार्य शुरू कर दिया जाए तथा डामरीकरण सहित अन्य कार्यों को अप्रैल माह तक पूरा किया जाए, ताकि आने वाले पर्यटक सीजन में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी इसका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट AP बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, अधिशासी अभियंता जल निगम ए.के. कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।


