
हल्द्वानी। शहर के दो नहरिया क्षेत्र में विधायक सुमित हृदयेश और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ललित जोशी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य कर रही संस्था Uttarakhand Urban Sector Development Agency (UUSDA) की कथित लापरवाही के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

धरने को संबोधित करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि वर्तमान में हल्द्वानी शहर पूरी तरह से खुदा हुआ है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण लोगों की जान तक जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में एक मासूम बच्चे की मौत हो चुकी है और हाल ही में रविवार को एक बुजुर्ग की भी दर्दनाक मौत हुई है।
विधायक ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पेयजल विभाग और UUSDA के बीच समन्वय की कमी को इन घटनाओं का प्रमुख कारण बताया। उनका कहना था कि विभिन्न विभागों के बीच तालमेल न होने से शहर में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दिन में नो-एंट्री क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों का संचालन आखिर किसकी अनुमति से हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जहां पुलिस हेलमेट न पहनने पर आम नागरिकों का चालान करने में तत्पर रहती है, वहीं ओवरलोड बड़े ट्रक नजर नहीं आते।
धरने में मौजूद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की गई।


