
हल्द्वानी। हल्द्वानी के बेस अस्पताल परिसर में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने के लिए अस्पताल सहित अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि मारपीट का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ उन स्थानों की भी फुटेज की जांच की जा रही है, जहां अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट होने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
