बनभूलपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध असलाह के साथ आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

हल्द्वानी: डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद को अपराधमुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलाह के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित सैनी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन और वस्तुओं की चेकिंग के दौरान सूचना मिलने पर बनभूलपुरा क्षेत्र में दबिश दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान निवासी गौजाजाली उत्तर घर पर मौजूद मिला। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मोबिन खान परिवार के लोगों को धमकाकर झगड़ा करता है तथा उसके पास अवैध तमंचा रखा हुआ है। पुलिस द्वारा घर की तलाशी लेने पर 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस 315 बोर, 12 बोर का एक तमंचा, चार कारतूस 12 बोर, एक कारतूस 7.62 बोर तथा सफेद डिब्बे में रखे 7.65 बोर के दस कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में थाना मुखानी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था, जिसमें उसे न्यायालय से सात वर्ष की सजा हो चुकी है और मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर विचाराधीन है। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह वर्ष 2023 में शिक्षा विभाग से बर्खास्त हो चुका है।

पुलिस बरामद असलाह के स्रोत की जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी०

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *