हल्द्वानी। हल्द्वानी-लालकुआं मार्ग स्थित तीनपानी फ्लाईओवर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बन गया। स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो (यूके 04 यू 7275) बरेली (उत्तर प्रदेश) से ज्योलीकोट की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, टम्टा पुत्र रविंद्र प्रसाद निवासी टाटा मोटर्स के पास, हल्द्वानी तथा अंशु आर्या पुत्र पंकज आर्या निवासी बिंदुखत्ता, लालकुआं की मौत हो गई। तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिटी अमित सैनी ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एक घायल को स्थानीय लोग पहले ही अस्पताल पहुंचा चुके थे, जबकि अन्य घायलों को पुलिस ने सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी भी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी
सीओ सिटी हल्द्वानी
