हल्द्वानी/देहरादून। देवभूमि सोसाइटी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी उत्तराखंड) द्वारा हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल की वरिष्ठ बाल चिकित्सक डॉ. रितु रखोलिया को ‘अकादमिक एक्सलेंस अवार्ड’ (शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार) से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान बाल चिकित्सा एवं बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, समर्पण तथा बच्चों व परिवारों के जीवन पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव के लिए दिया गया।
डॉ. रखोलिया को यह पुरस्कार देहरादून के एलपी विलास में आयोजित देवभूमि पीडियाट्रिक कॉन्फ्रेंस 2026 (यूके पेडिकॉन) के समापन एवं गाला डिनर समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर आईएपी उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि डॉ. रितु की उल्लेखनीय यात्रा अन्य चिकित्सकों के लिए प्रेरणा है।
गौरतलब है कि डॉ. रितु रखोलिया हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में वरिष्ठ बाल चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं और लंबे समय से क्षेत्र में बाल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इस उपलब्धि पर हल्द्वानी के चिकित्सा जगत एवं अभिभावकों ने उन्हें बधाई दी है।
