
हरिद्वार: भगवानपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश और शराब के नशे में एक व्यक्ति की ट्रक से कुचलकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रताप कॉलोनी निवासी वादिनी ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ट्रक संख्या UP17BT-8882 के चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी मलकपुर, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उनके पति राहुल कुमार को जान से मारने की नियत से भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक चढ़ाकर कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले की तहरीर मिलने पर भगवानपुर पुलिस ने मु0अ0सं0-94/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने 5 मार्च 2026 को दबिश देकर नामजद आरोपी राजीव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पिछले कई वर्षों से ट्रक चला रहा है और वर्तमान में भगवानपुर क्षेत्र के रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है। आरोपी के अनुसार उसका राहुल के साथ अक्सर उठना-बैठना था और दोनों साथ बैठकर शराब भी पीते थे।
आरोपी ने बताया कि राहुल शराब के नशे में अक्सर उसकी भांजियों के बारे में आपत्तिजनक बातें करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। घटना वाले दिन होली की छुट्टी होने के कारण दोनों भगवानपुर टोल के पास ट्रक में बैठकर शराब पी रहे थे। नशे की हालत में राहुल ने फिर उसकी भांजियों के बारे में अपशब्द कहे, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने उसे ट्रक से उतार दिया। जैसे ही राहुल टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने गुस्से में ट्रक उस पर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड की ओर चला गया और वहीं ट्रक खड़ा कर उसमें ही सो गया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर ट्रक से कुचलकर हत्या की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक संख्या UP17BT-8882 को भी बरामद कर लिया है तथा उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


