
हल्द्वानी। शहर के इंदिरा नगर रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अल फात्मा मैरिज हॉल के पास किराए के कमरे में रह रहे एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर रेलवे क्रॉसिंग स्थित अल फात्मा मैरिज हॉल के पास किराए पर रह रहे रमेश चंद्र पुत्र सुरेंद्र पाल (उम्र लगभग 50–55 वर्ष) का शव उनके कमरे में मिला। रमेश चंद्र मूल रूप से मानपुर बहेड़ी, उत्तर प्रदेश के निवासी थे और हल्द्वानी में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रमेश चंद्र पिछले एक-दो दिनों से आसपास दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे मकान मालिक को शक हुआ। शुक्रवार को जब मकान मालिक ने उनके कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो रमेश चंद्र अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद तत्काल कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाल दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में एसआई जगबीर सिंह, कांस्टेबल यासीन अहमद, शिवम और लक्ष्मण सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, जिस कारण मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके मौके पर पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


