हल्द्वानी: भाजपा के मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने आज अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत वार्ड संख्या 43 स्थित आरटीओ रोड में नुक्कड़ सभा से की। इसके बाद उन्होंने हट गार्डन में पुरातन कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया और हल्द्वानी मुख्य बाजार क्षेत्र में जनसंपर्क किया। उनका प्रचार अभियान वार्ड 13 राजपुरा एवं 14 टनकपुर रोड में नुक्कड़ सभाओं के साथ समाप्त हुआ।
अपने गृह वार्ड 43 में नुक्कड़ सभा के दौरान गजराज सिंह बिष्ट का भव्य स्वागत किया गया। भारी संख्या में उपस्थित स्थानीय निवासियों ने उन्हें फूलमालाओं से लादकर भाजपा संगठन के द्वारा मेयर प्रत्याशी बनाए जाने पर जोरदार अभिनंदन किया। सभा को संबोधित करते हुए गजराज सिंह बिष्ट ने कहा, “नगर निगम हल्द्वानी का क्षेत्रफल और मतदाता संख्या के आधार पर यह सबसे बड़ा वार्ड है, और हमें सबसे बड़ी जीत की शुरुआत यहीं से करनी है।” उन्होंने क्षेत्रवासियों से यह भी कहा कि, “मैं चुनाव लड़ रहा हूं, लेकिन महापौर मेरे क्षेत्र की जनता बन रही है।” गजराज ने यह वादा भी किया कि, “भीषण ठंड में घरों से बाहर निकलकर चुनाव प्रचार करने के लिए मैं समय आने पर सूद समेत क्षेत्र का चहुमुखी विकास करूंगा।”
इसके बाद गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी मुख्य बाजार क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ जनसंपर्क किया। उन्होंने व्यापारियों से भाजपा के पक्ष में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। इस दौरान मुख्य बाजार क्षेत्र के व्यापारियों ने गजराज को फूलमालाएं, अंगवस्त्र और शॉल पहनाकर जोरदार स्वागत किया। गजराज ने व्यापारी भाइयों को आश्वस्त किया कि, “हल्द्वानी नगर निगम का महापौर रहते हुए मैं आपको अपने कारोबार को बिना किसी डर और भय के करने की गारंटी देता हूं।”

गजराज का जनसंपर्क अभियान ओके होटल से शुरू होकर सदर बाजार तक एक विशाल जुलूस का रूप ले लिया। इस दौरान बर्तन बाजार, साहूकारा लाइन, मीरा मार्ग, कारखाना बाजार और मंगल पड़ाव क्षेत्र के व्यापारी और कारोबारी गजराज के साथ जुलूस में शामिल हुए और उनका भरपूर समर्थन जताया।
इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी समर्थन था, जिनमें विधायक बंशीधर भगत, निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला, नवीन वर्मा, अमरजीत सिंह चड्डा, हुकुम सिंह कुंवर, रूपेंद्र नागर, विवेक कश्यप, राजीव जायसवाल, गोपाल भट्ट पंडित जी, राजीव अग्रवाल, पंकज कपूर, साकेत अग्रवाल, तरुण बंसल, विंदेश गुप्ता, प्रताप बिष्ट, अनिल कपूर डब्बू, दीपक मेहरा, सुरेश भट्ट, रेनू अधिकारी, महेश शर्मा, मोहन पाठक, शशांक रावत, समीर आर्य, राजेंद्र सिंह बिष्ट, दिनेश आर्य, प्रकाश हरबोला, मोहन पाल, शांति भट्ट, अलका जीना, कल्पना बोरा, रेणु टंडन और अमिता अग्रवाल समेत सैकड़ों व्यापारी शामिल हुए।