तीनपानी हादसे के बाद प्रशासन एक्शन में, डीएम ने बुलाई रोड सेफ्टी समीक्षा बैठक; मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

Spread the love

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और हाल ही में तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।

डीएम ने बताया कि आगामी सप्ताह में होने वाली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआई, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों की तकनीकी समीक्षा की जाएगी। विशेषज्ञ एजेंसियों के सुझावों के आधार पर प्रभावी सुरक्षा उपाय तय किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

डीएम ने तीनपानी फ्लाईओवर पर स्कूटी और स्कॉर्पियो की टक्कर में चार युवकों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर 21 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम के अनुसार, जांच रिपोर्ट में हादसे के कारणों के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *