
हल्द्वानी। शहर में घर के अंदर घुसकर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गीजर ठीक करने के बहाने घर में पहुंचा था और मौका पाकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 को अतुल नागपाल पुत्र स्वर्गीय यशपाल नागपाल निवासी गुरुनानकपुरा, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर में गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 400/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(4) में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को तत्काल चोरी का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने 26 नवंबर 2026 को आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े (लगभग पांच तोले) और 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद, निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल, उम्र 33 वर्ष के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर चोरी की घटना के त्वरित खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।
