11 माह की मासूम के साथ दुष्कर्म! आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था, जहां परिजनों और चिकित्सकों ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मासूम का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को कोतवाली नगर हरिद्वार को जिला अस्पताल से सूचना मिली कि 11 माह की बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में बच्ची को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पीड़िता के पिता की तहरीर पर 16 नवंबर को कोतवाली नगर में आरोपी सौरभ के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 646/2026 के तहत पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(I), 5(M), 6 और बीएनएस की धारा 65(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनीता शर्मा को सौंपी गई।

प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ कुमार (18 वर्ष) पुत्र राजेंद्र दास, निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर, बिहार को हरिद्वार के वाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित विकास इंडस्ट्री पाइप फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसका परिवार बिहार में रहता है और वह फैक्ट्री परिसर में ही पीड़िता के पिता राजकुमार के घर पर रह रहा था। आरोप है कि 15 नवंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बच्ची की मां ने अपनी 11 माह की बेटी को आरोपी के पास छोड़ा था। इसके बाद आरोपी बच्ची को फैक्ट्री परिसर में एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं, एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इस मामले में पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर गावड़ी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, अनीता शर्मा, खेमेन्द्र गंगवार, नवीन नेगी और हेड कांस्टेबल संजीव राणा शामिल रहे।