हल्द्वानी। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने एक नई पहल की है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में निगम द्वारा निर्मित शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान महापौर ने स्वयं स्टॉल से खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया और आमजन से भी इन उत्पादों को अपनाने की अपील की।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना भी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निगम की ओर से स्थानीय उत्पादों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
महापौर ने सनातनी समाज सहित समस्त नागरिकों से अपील की कि वे नगर निगम द्वारा लगाए गए स्टॉलों से अधिक से अधिक खरीदारी करें और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से यह पहल स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहित करेगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित सम्मानित पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
