हल्द्वानी। शहर के बाजार क्षेत्र में खराब सड़कों और अतिक्रमण को लेकर अब नगर निगम ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। कुछ दिन पूर्व व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी को ज्ञापन सौंपकर बाजार क्षेत्र की खराब सड़कों की समस्या उठाई थी। व्यापारियों का कहना था कि सड़कों की बदहाल स्थिति के चलते कारोबार करना मुश्किल हो रहा है।
व्यापारियों की शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण विकास एवं सड़क सुधार कार्यों में आ रही बाधाओं की ओर ध्यान दिलाया था। इस दौरान व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने में प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन भी दिया था।
अब नगर निगम हल्द्वानी को अतिक्रमण की शिकायतें मिलने के बाद बाजार क्षेत्र में मुनादी कराकर व्यापारियों और अन्य लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। ऐसे में अब देखना होगा कि नगर निगम अतिक्रमण हटाने के अभियान को कितनी प्रभावी तरीके से अंजाम देता है और व्यापारी इस कार्रवाई में कितना सहयोग करते हैं
वहीं, आम जनता का कहना है कि बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटना जरूरी है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़कें भी व्यवस्थित रहें। लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि कार्रवाई केवल ठेले-फड़ हटाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दुकानों के आगे किए गए स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ व्यापारी पैसे लेकर अपनी दुकानों के आगे अतिक्रमण करवाते हैं, तो ऐसे मामलों की भी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निष्पक्ष और समान होनी चाहिए, ताकि किसी एक वर्ग को निशाना बनाए जाने की शिकायत न उठे।
अब निगाहें नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि अभियान के दौरान सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाते हैं या कार्रवाई केवल ठेले-फड़ तक ही सीमित रह जाती है।
