
हल्द्वानी। 12 रबी उल अव्वल के मौके पर बनभूलपुरा क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस को लेकर क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा गरमा गया है। सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता तसलीम मिकरानी ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के आवास पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने विधायक को ज्ञापन सौंपकर जुलूस से पहले सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि आगामी 26 अगस्त को जश्न-ए-ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर बनभूलपुरा क्षेत्र से मुस्लिम समाज का पारंपरिक जुलूस निकाला जाना है। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और अकीदतमंद शामिल होते हैं। ऐसे में क्षेत्र की जर्जर सड़कों और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन के अनुसार, विशेष रूप से लाइन नंबर 17 और लाइन नंबर 12 की सड़कें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं और उनमें गहरे गड्ढे बने हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता तसलीम मिकरानी ने मांग की कि पक्की सड़क का निर्माण तत्काल संभव नहीं होने की स्थिति में जनहित को देखते हुए गड्ढों को अस्थायी रूप से मिट्टी, मलवे या रोड़ी से भरवाया जाए, ताकि जुलूस के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
ज्ञापन मिलने के बाद विधायक सुमित हृदयेश ने तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की और शाम तक सड़क के गड्ढों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विधायक ने आश्वासन दिया कि 12 रबी उल अव्वल के जुलूस से पहले संबंधित सड़कों को ठीक कराने का प्रयास किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता तसलीम मिकरानी ने कहा कि जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, इसलिए प्रशासन और संबंधित विभाग को सुरक्षा एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए सड़क की समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।

