
हल्द्वानी। हल्द्वानी संभाग में परिवहन विभाग ने अनाधिकृत ब्लैक फिल्म और हाई डेंसिटी लाइट लगाकर चलाए जा रहे वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 257 वाहनों का चालान किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 22 वाहनों को सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में बाइक, ऑटो, जीप और मालवाहक वाहन शामिल हैं।
परिवहन विभाग के अनुसार, ब्लैक फिल्म लगाने के मामले में 28 तथा अनाधिकृत हाई डेंसिटी लाइट लगाने के मामले में 26 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच के दौरान वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म और अवैध लाइटों को मौके पर ही हटाया गया। इसके अलावा फिटनेस, टैक्स, परमिट शर्तों के उल्लंघन, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और इंश्योरेंस समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चालान किए गए।
यह संयुक्त प्रवर्तन अभियान हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर कार्यालयों की प्रवर्तन टीमों द्वारा चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत हाई डेंसिटी लाइट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
