
हरिद्वार: हरिद्वार में माइनिंग टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी से खनन माफिया और आरोपियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन पुलिस की लगातार दबिश के आगे उनकी एक नहीं चली।
मामला 13 जुलाई 2026 का है, जब K.R.B.M.L.P. लक्सर हरिद्वार की फील्ड टीम के इंचार्ज तेजा साई ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि ग्राम मुंडाखेड़ा में माइनिंग टीम पर कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से सरेआम हमला किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
माइनिंग टीम पर हुए हमले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 21 जुलाई 2026 को टीम ने छापेमारी करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार निवासी रायसी लक्सर, सारुन निवासी केडी खुर्द लक्सर, रामू निवासी कंकरखाता लक्सर और हरविन्द्र निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए भी दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक राजीव उनियाल और कांस्टेबल अरविंद सिंह रावत शामिल रहे।
