हल्द्वानी: हल्द्वानी में प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों पर सख्त रुख अपनाते हुए 30 मई 2026 को सुशीला तिवारी चिकित्सालय के पास स्थित मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण किया। उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं औषधि/चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने शुभ मेडिकल स्टोर और रेहमान मेडिकल स्टोर की जांच की।
निरीक्षण के दौरान रेहमान मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। वहां प्रिस्क्रिप्शन रजिस्टर उपलब्ध नहीं था, सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए और मौके पर फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं था। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने तत्काल प्रभाव से मेडिकल स्टोर पर दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी।
संयुक्त टीम ने दोनों दुकानों में दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, नियंत्रित औषधियों के रख-रखाव, लाइसेंस और अन्य जरूरी अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित समय के भीतर सभी अभिलेखों को अपडेट करें और नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दवाओं की बिक्री केवल निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुसार ही की जानी अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
