हल्द्वानी में पेयजल चोरी पर कड़ा एक्शन: 8 टुल्लू पंप जब्त, अवैध जल दोहन पर प्रशासन सख्त

Spread the love

हल्द्वानी। भीषण गर्मी और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध जल दोहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों ने शहर के कई इलाकों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के तहत बरेली रोड, तीनपानी, ट्रांसपोर्ट नगर, शनि बाजार, पनचक्की रोड, काठगोदाम, लालडांट और कालाढूंगी रोड समेत कई क्षेत्रों में चल रहे निजी निर्माण कार्यों की जांच की गई। इस दौरान 25 से अधिक निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया गया, जहां पेयजल लाइनों से अवैध जल उपयोग की शिकायतों की पुष्टि हुई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने 8 टुल्लू पंप बरामद कर जब्त किए, जिनका उपयोग अवैध रूप से पेयजल खींचने में किया जा रहा था। संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए जल के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *