हल्द्वानी/रामनगर। जनपद नैनीताल में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और चोरगलिया पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा किया और कुल 3 मोटरसाइकिल बरामद कर 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, साथ ही 3 फरार वारंटियों को भी दबोचा।
रामनगर क्षेत्र में 17 अप्रैल 2026 को मोटरसाइकिल चोरी की घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चोरपानी क्षेत्र से चोरी की बाइक बरामद की और इस मामले में 4 युवकों—मयंक चौधरी, दिव्यांशु आर्या, विमल कुमार और योगेश कुमार को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी रामनगर के छोई क्षेत्र के निवासी हैं।
वहीं हल्द्वानी में दर्ज दो अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों में पुलिस ने मंडी बाईपास जंगल क्षेत्र से दो शातिर आरोपियों—योगेश कार्की उर्फ आयुष और विनय राणा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की TVS स्पोर्ट और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अलावा चोरगलिया पुलिस ने वन अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहे वारण्टी गुलाम रसूल उर्फ निक्का को गिरफ्तार किया, जबकि लालकुआं पुलिस ने भी अभियान के तहत दो वारण्टी अभियुक्तों—राजा परिहार और कमल सिंह धरियाल को दबोचकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नैनीताल पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
