
देहरादून: दिनांक 2 मार्च 2026 को भोजावाला विकासनगर निवासी पुष्पा देवी ने थाना विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति वाहन संख्या यूके-07-एफएस-4482 और एक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे, जबरन अंदर घुसे और उनके पुत्र शक्ति पुंडिर के साथ मारपीट कर उसे कार में अगवा कर ले गए। कुछ समय बाद अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0-63/2026 धारा 140(2)/115(2)/333 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और घटना में प्रयुक्त वाहन की जानकारी जुटाई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसी रात विकासनगर क्षेत्र से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया और घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो नशे के आदी व्यक्तियों को चिन्हित कर स्वयं को धार्मिक संगठनों से जुड़ा बताकर उन्हें जेल भेजने की धमकी देते थे और ब्लैकमेल कर फिरौती वसूलते थे। इस मामले में भी आरोपियों ने युवक पर मादक पदार्थों की तस्करी का झूठा आरोप लगाकर उसे जबरन कार में बैठाया और बाद में परिजनों से एक लाख रुपये की मांग की।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास वैरागी निवासी सहारनपुर, नीरज निवासी सहारनपुर, प्रवीन निवासी विकासनगर, सचिन निवासी जीवनगढ़ विकासनगर तथा नवीन निवासी डाकपत्थर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


