लालच के चलते माँ ने ही मरवा दिया अपना बेटा

Spread the love

देहरादून: देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास 11 फरवरी 2026 को दिनदहाड़े हुई गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली डालनवाला को सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान इंदिरा नगर निवासी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मु0अ0सं0 29/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। तहरीर में उन्होंने अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना पर पैसों और संपत्ति विवाद के चलते हत्या की साजिश रचने का शक जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं और जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में दो स्कूटी सवारों द्वारा घटना को अंजाम देने की पुष्टि हुई। उसी रात रायपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। उसने अपना नाम राजीव उर्फ राजू निवासी चक्खुवाला बताया। वहीं डोईवाला क्षेत्र में लालतप्पड़ चौकी पर बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश कर रहे दूसरे आरोपी पंकज राणा को भी पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी तमंचा और कारतूस बरामद हुए। दोनों सगे भाइयों ने पूछताछ में अर्जुन शर्मा की हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि संपत्ति के बड़े विवाद के चलते यह हत्या कराई गई। जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर बीना शर्मा और डॉ. अजय खन्ना के बीच 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी, जिसमें 8 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। अर्जुन शर्मा द्वारा उक्त संपत्ति पर न्यायालय से स्टे लेने के बाद विवाद गहराया। पुलिस के अनुसार बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने कथित रूप से 12 लाख रुपये में हत्या की साजिश रची, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले और बाद में आरोपियों के बीच व्हाट्सएप कॉल और मुलाकात हुई थी तथा मृतक की दिनचर्या की जानकारी जुटाई गई थी।

पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपी पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू को उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस तथा स्कूटी बरामद की है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *