हल्द्वानी। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा ‘ऑपरेशन रोमियो’ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में, पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी राजेश यादव तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम दीपक बिष्ट के मार्गदर्शन में पुलिस टीम व पीएसी द्वारा थाना काठगोदाम क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत हल्द्वानी, ठंडी सड़क कोतवाली, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, नारीमन, हैड़ाखान क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों और अनावश्यक रूप से मोटरसाइकिल चलाकर शोर-शराबा करने वाले 250 लोगों की जांच की।


इस कार्यवाही में 11 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गई तथा उनसे कुल 5500 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही, सभी को भविष्य में ऐसी हरकतें दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी गई।
इस अभियान में नीरज भाकुनी (थानाध्यक्ष बनभूलपुरा), विजय मेहता (थानाध्यक्ष मुखानी), उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह राणा, महिला चीता कर्मगण थाना काठगोदाम और पीएसी के सदस्य उपस्थित रहे।
नैनीताल पुलिस का यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर जारी रहेगा।


