नाकेबंदी के दौरान पुलिस-बदमाश आमने-सामने, मुठभेड़ में दो शूटर गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून: देहरादून में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो शूटरों और उनके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देशन में पूरे जनपद में बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर से लेकर देहात तक नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा था।

तड़के सुबह पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर गिरफ्तार कर उपचार के लिए तत्काल कोरोनेशन चिकित्सालय भेजा गया। इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रोकने पर भागने का प्रयास किया और खंडर फैक्ट्री में घुसकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इस बदमाश के भी दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। एसएसपी देहरादून स्वयं चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों बदमाशों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है।

पूछताछ में बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *